हरियाणा के रहने वाले यूट्यूबर ध्रुव राठी द्वारा सिख गुरुओं पर बनाए गए एआई वीडियो ने विवाद खड़ा कर दिया है। ध्रुव राठी ने ‘बंदा सिंह बहादुर की कथा’ पर बनाए वीडियो में सिख गुरुओं, शहीद योद्धाओं और उनके परिवार के सदस्यों को आर्टिफिशयल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल किया था। जिस पर सिख समुदाय ने आपत्ति जताई है।

प्रसिद्ध यूट्यूबर ध्रुव राठी सिख गुरुओं का एआई वीडियो बनाकर विवादों में घिर गए हैं। राठी ने एक ‘द राइज ऑफ सिख’ शीर्षक से एक एआई वीडियो जारी किया है। जिसमें सिख योद्धाओं को गलत तरीके से दिखाया गया है। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) ने यूट्यूबर ध्रुव राठी के वीडियो की कड़ी निंदा की है। बवाल के बाद यूट्यूबर ध्रुव राठी ने अपने चैनल से वीडियो को हटा लिया।

शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के सदस्य गुरचरण सिंह ग्रेवाल ने भी ध्रुव राठी को घेरा। उन्होंने कहा कि ध्रुव को सिख इतिहास को विकृत करने के लिए एआई का उपयोग करने का कोई अधिकार नहीं है। सिख इतिहास और गुरुओं से संबंधित विषयों को पूरे सम्मान के साथ लेना चाहिए। इन विषयों को व्यवसायीकरण से दूर रखना चाहिए। ध्रुव राठी द्वारा वीडियो में गुरु गोबिंद सिंह और अन्य सिख गुरुओं के लिए एआई एनिमेशन का उपयोग करना अनुचित है। ऐसा करना तथ्यात्मक रूप से भी गलत है।

